बेमेतरा, – बाल देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के बेहतर संरक्षण, देखभाल एवं पुनर्वास के लिए संचालित गैर-संस्थागत देखरेख व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 से 30 सितम्बर 2026 तक सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, इंदौर में आयोजित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाल देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए गैर-संस्थागत देखरेख के विभिन्न घटकों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा बाल संरक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों की भूमिका, दायित्व और बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए किए जाने वाले आवश्यक कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण के लिए जिला बेमेतरा से बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती लक्ष्मी साहू का चयन किया गया है। श्रीमती साहू प्रशिक्षण में शामिल होकर बाल संरक्षण व्यवस्था, गैर-संस्थागत देखरेख के प्रावधानों एवं संबंधित प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बाल देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को परिवार एवं समाज आधारित बेहतर देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास उपलब्ध कराने की दिशा में संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना है। प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का उपयोग जिले में बाल संरक्षण से संबंधित कार्यों के प्रभावी संचालन एवं बच्चों के हित में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जा सकेगा।
