196वीं बटालियन सीआरपीएफ महादेव घाटी में आयोजित कार्यक्रम, अधिकारियों और जवानों ने लिया जागरूकता का संकल्प
.बीजापुर। विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर 196वीं बटालियन सीआरपीएफ महादेव घाटी में रविवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट कुमार मनीष की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी गोपाल सिंह बुनकर, उप कमांडेंट कुणाल किशोर, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार, सहायक कमांडेंट हरीश कुमार सिंह सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

इस दौरान सभी कार्मिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। कमांडेंट कुमार मनीष ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने उपस्थित जवानों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, समाज को नशे के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सीआरपीएफ द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में आयोजित यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
