प्रदेश स्तरीय समाज गौरव सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन सम्पन्न
दैनिक मूक पत्रिका रायपुर, – सृजन भूमि छत्तीसगढ़ दैनिक समाचार पत्र एवं छत्तीसगढ़ जन जागृति लोक कलाकार सांस्कृतिक समिति/कलाकार एसोसिएशन संघ के संयुक्त तत्वाधान में राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में प्रदेश स्तरीय समाज गौरव सम्मान समारोह 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजसेवियों, कलाकारों, पत्रकारों, शिक्षकों, साहित्यकारों, सांस्कृतिक कर्मियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह का उद्देश्य समाज एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले उन व्यक्तियों को सम्मानित करना था, जिन्होंने अपने कार्यों, प्रतिभा, सेवा भावना एवं उपलब्धियों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए प्रतिभाओं के सम्मान को समय की आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. चंद्रशेखर खरे ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भूपेंद्र गिलहरे, डॉ. छन्नूलाल बंजारे, आशीष कंठले, भागवत भारती, इंजीनियर सुरेश कुमार बंजारे, फिल्म निर्देशक डॉ. पुनीत सोनकर, डॉ. टेकराम साहू, शिक्षक महेंद्र कुमार कंठले, राज्य पुरस्कार प्राप्त डॉ. खम्हन दास भास्कर तथा मोहन दास बंजारे उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ज्योति कलश पूजन के साथ हुआ। आयोजक एवं संपादक प्रीतलाल कुर्रे तथा विनोद बर्मन के नेतृत्व में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर ज्ञान, संस्कृति एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिससे पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि समाज में कार्य करने वाली प्रतिभाओं और समर्पित व्यक्तियों का सम्मान करना एक सकारात्मक परंपरा है। इससे न केवल सम्मानित व्यक्तियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग समाज की वास्तविक पूंजी हैं।
विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने में लोक कलाकारों, साहित्यकारों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को मंच मिलता है और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। पंडवानी गायन, लोकगीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं लोककला से जुड़ी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाभारत पंडवानी गायिका कुमारी टिकेश्वरी साहू एवं कुमारी योगेश्वरी सेन की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। इसके अलावा विभिन्न लोक कला मंचों के कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए समाज गौरव सम्मान 2026, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों में तिलकराम यादव, विशंभर दीवान, छबिलाल निषाद, डॉ. भूपेंद्र गिलहरे, इंजीनियर सुरेश कुमार बंजारे, डॉ. चंद्रशेखर खरे, सुमन खरे, कुमारी लक्ष्य खरे, सागर रक्षा, सुमित जोशी, पत्रकार सोमेश्वर खरे, उमाशंकर दिवाकर, अमित पतले, सत्येंद्र बंजारे, भागवत भारती, रामगोपाल भार्गव, लक्ष्मीकांत, आशीष कंठले, महात्मा बंजारे, डॉ. कमल लाल, महेंद्र कुमार कंठले, मोहितराम मोगरे, महाराज जी दास भारती, फूल सिंह नामदेव, दिनेश नेम, चरण मरकाम, मोहन सिंह मरकाम, चंदन मरकाम, कुमारी मनीषा सलाम, नरेश टंडन, राहुल टंडन, रामेश्वर गीत लहरे, टोमन दास बंजारे, पत्रकार सोना बारमाते, पत्रकार दुर्गेश वर्मा, पत्रकार मंजू जायसवाल, पत्रकार रोहित वर्मा, पत्रकार मिराज वाले, पत्रकार धंसे साहू, सामाजिक कार्यकर्ता भुवनेश्वरी चतुर्वेदी, सुरेंद्र बंजारे, संदीप बरवेल, विवेकानंद मेरावी, अनिल जांगड़े, मनोज कनौजिया, संतोषी बर्मन, डॉ. टेकराम साहू, जितेंद्र सिंह, पचराजी रामनाथ देवदास, स्वाति लोक कला मंच, दिनेश यादव लोक कला मंच, किरण साहू लोक कला मंच, चंदन कुमार साहू, कन्हैयालाल पटवा रोमा उमेश नेताम सहित अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व शामिल रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक कार्य कर रहे व्यक्तियों को पहचान देना तथा उनकी उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर सम्मानित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक प्रीतलाल कुर्रे एवं विनोद बर्मन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, कलाकारों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी समाज, संस्कृति, शिक्षा और कला के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिभाओं को सम्मानित करने हेतु ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्द, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव एवं प्रतिभा सम्मान की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इसे प्रदेश की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला एक प्रेरणादायी एवं यादगार आयोजन बताया।
