अधिकारो और योजनाओं की दी जानकारी,बच्चों की पढ़ाई पर भी हुई बात
बीजापुर। बीजापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिन्ना कोड़ेपाल में गुरुवार को श्रमिक दिवस के अवसर पर महिलाओं की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं और उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान ब्लॉक समन्वयक हर्षिता ने महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।

कार्यक्रम में छात्रा रिधिमा खटक ने बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और विकास पर बात रखी। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजना जरूरी है, ताकि उनका समग्र विकास हो सके। परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत करती है। कार्यक्रम के जरिए महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास का संदेश दिया गया।
