196 सीआरपीएफ और 208 कोबरा ने की संयुक्त कार्रवाई
बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के छिपाकर रखे गए विस्फोटक डंप को बरामद करने में सफलता मिली है। 30 अक्टूबर को पुजारी कांकेर गांव के पास जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान 143 बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) राउंड और एक सिंटेक्स जब्त किया गया। यह कार्रवाई 196वीं वाहिनी सीआरपीएफ और 208वीं कोबरा वाहिनी की संयुक्त टीम ने की।
मिली जानकारी अनुसार पामेड़ एरिया कमेटी के अज्ञात माओवादियों द्वारा पुजारी कांकेर कैंप से करीब पांच किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में पहाड़ी इलाके में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई थी। सुरक्षा बलों को इसकी विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके बाद आईजी सेक्टर छत्तीसगढ़ के. कबीब (आईपीएस) के दिशा-निर्देश और डीआईजी ऑप्स रेंज बीजापुर बी.एस. नेगी के मार्गदर्शन में सर्चिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष के निर्देशन में सीआरपीएफ और कोबरा की संयुक्त टीम पुजारी कांकेर के आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के लिए पहुंची। जवानों ने इलाके में सतर्कता के साथ सघन सर्चिंग की। इस दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। तलाशी में 143 बीजीएल राउंड और एक सिंटेक्स बरामद किया गया।

थाना उसूर को सौंपी गई सामग्री
सुरक्षा बलों ने बरामद सभी सामग्रियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना उसूर को सौंप दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
