बीजापुर। बारिश के मौसम में बढ़ने वाली बीमारियों को देखते हुए सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने शनिवार को मुदवेण्डी में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। शिविर में मुदवेण्डी समेत आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां दी गईं।
शिविर का आयोजन 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन में किया गया। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान बारिश के मौसम में दूषित पानी के इस्तेमाल से होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई। ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की ओर से आयोजित इस पहल की सराहना की। बटालियन की ओर से बताया गया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है।

कमांडेंट बोले: स्वास्थ्य जागरूकता भी जरूरी
85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही ने कहा कि ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण के साथ बीमारियों से बचाव की जानकारी देना भी शिविर का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि तैनाती क्षेत्र में बटालियन लगातार ग्रामीणों से जुड़कर जनहित के कार्यक्रम आयोजित करती रही है। इससे ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास बढ़ाने में मदद मिलती है।
ये रहे मौजूद: शिविर में उप कमांडेंट थॉकचॉम उमाकान्त मेत्ती, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार समेत कंपनी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
