बीजापुर| अनुसूचित जाति के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने “श्रेष्ठ योजना” (SHRESHTA – Scheme for Residential Education for Students in High Schools in Targeted Areas) के अंतर्गत सत्र 2026–27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
महानदी भवन, अटल नगर (नया रायपुर) से जारी जानकारी के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ निजी आवासीय विद्यालयों में अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, आवास और आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करना है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (NETS) के माध्यम से कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए लगभग 3000 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। यह परीक्षा दिसंबर 2025 में आयोजित होगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 30 अक्टूबर 2025 शाम 5 बजे तक चलेगी। इच्छुक विद्यार्थी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं और विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएँ भी दी जाएँगी। विद्यालयों का वार्षिक शुल्क सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा पूरी तरह से वहन किया जाएगा।
