नेशनल हाईवे-63 पर पाण्डेमुर्गा के पास पिस्टल और चाकू दिखाकर लूट की सूचना निकली फर्जी
बीजापुर। जिले के नेलसनार थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा के पास ज्वेलरी व्यापारी से करीब दो करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। तीन हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तीन विशेष टीमें गठित कर सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी की। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और करीब 16 घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच में सामने आया कि लूट की पूरी कहानी ही फर्जी थी। पुलिस के मुताबिक, गीदम निवासी ज्वेलरी व्यापारी स्वरूप सोनी ने कर्ज के दबाव से बचने के लिए अपने साथ लूट होने की झूठी कहानी रची थी।
एएसपी राहुल बंसल के अनुसार, 9 नवंबर को स्वरूप सोनी भैरमगढ़ स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान से तूफान वाहन में गीदम लौट रहे थे। उनके साथ कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर भी मौजूद थे। शाम करीब 6 बजे पांडेमुर्गा के पास जंगल में तीन अज्ञात लोगों द्वारा पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर वाहन रुकवाने तथा जेवरात, नकदी से भरा बैग और तीनों के मोबाइल फोन लूटने की सूचना दी गई थी। तीनों देर रात नेलसनार थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमें गठित कीं। सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। एसपी स्वयं पूरे अभियान की निगरानी कर रहे थे। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
तीनों मोबाइल एक ही जगह मिले, यहीं से गहराया संदेह
जांच के दौरान कथित तौर पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन की लोकेशन हाईवे से लगे जंगल में मिली। पुलिस ने तीनों मोबाइल एक ही स्थान से बरामद किए। खास बात यह थी कि तीनों मोबाइल सुरक्षित और चालू हालत में थे। इस तथ्य से पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद व्यापारी, कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक से अलग-अलग पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और बयानों की पड़ताल में कई विरोधाभास सामने आए।
पुलिस ने व्यापारी की पृष्ठभूमि खंगाली तो उसके ऊपर काफी कर्ज होने और कर्जदाताओं की ओर से लगातार रकम चुकाने का दबाव बनाए जाने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इन तथ्यों के आधार पर पूछताछ करने पर स्वरूप सोनी ने लूट की सूचना को झूठा और मनगढ़ंत बताया। उसने कर्ज चुकाने में असमर्थता के चलते लूट की कहानी गढ़ने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि इस साजिश में कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक को भी शामिल किया गया था और तीनों ने मिलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने 16 घंटे में सुलझाया मामला
एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एएसपी राहुल बंसल और भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन एक्का के निर्देशन में बीजापुर कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल की टीम शामिल रही।
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह न करें। ऐसा करना आपराधिक कृत्य है और इस पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
