केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के छात्रों ने सीआरपीएफ 229 बटालियन पहुंचकर मनाया रक्षाबंधन
बीजापुर। रक्षा बंधन के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवानों की कलाई पर राखी बांधकर सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। केंद्रीय विद्यालय बीजापुर एवं सीआरपीएफ बटालियन क्रमांक 229 मुख्यालय बीजापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राखी उत्सव में जवानों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता का माहौल रहा।
कार्यक्रम में सीआरपीएफ बटालियन 229 के द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप कमांडेंट कुनाल कुमार, सहायक कमांडेंट योगेन्द्र सहित अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। वहीं केंद्रीय विद्यालय की ओर से प्रभारी प्राचार्य दशरथ बाड़मेर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

जवानों को राखी बांधकर जताया सम्मान
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने जवानों को राखी बांधी और देश की सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ राष्ट्रसेवा, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। आयोजन से विद्यालय परिवार और सीआरपीएफ के बीच आपसी सौहार्द एवं भावनात्मक जुड़ाव को मजबूती मिली। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिका अनीता शाक्या, शिवा बनोट सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश की रक्षा के लिए समर्पित जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना रहा। साथ ही भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाना था।
