31 जुलाई और 1 अगस्त को अवकाश घोषित, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन का निर्णय
बीजापुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय ने आदेश जारी कर जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 को अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार लगातार बारिश के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

इस निर्णय से पहले बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर विश्वदीप को पत्र लिखकर जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति का हवाला देते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की थी। विधायक ने अपने पत्र में कहा था कि खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और उनकी सुरक्षा को देखते हुए अवकाश आवश्यक है।
विधायक के पत्र पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद दो दिन के अवकाश का आदेश जारी किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं तथा अनेक सड़कें और पुल-पुलियों पर पानी होने से आवागमन प्रभावित है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अत्यावश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
