महादेव घाटी स्थित बटालियन मुख्यालय सहित विभिन्न कंपनियों में हुए कार्यक्रम, जवानों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बीजापुर। महादेव घाटी स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं बटालियन का 20वां स्थापना दिवस शनिवार को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। बटालियन मुख्यालय के साथ ही विभिन्न कंपनी मुख्यालयों में भी स्थापना दिवस पर आयोजन हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडेंट कुमार मनीष ने की। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद क्वार्टर गार्ड में सलामी दी गई और सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में कमांडेंट ने जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।

स्थापना दिवस के अवसर पर उसूर, नाम्बी, पुजारीकांकेर, ताड़पाला घाटी, ताड़पाला, वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) और कठुआ (जम्मू-कश्मीर) स्थित कंपनी मुख्यालयों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बटालियन की गौरवशाली परंपराओं को याद किया।
शाम को बटालियन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों और जवानों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
