मूक पत्रिका रायपुर – राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न स्कूलों के बाहर विशेष अभियान चलाकर क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा 17 और 18 जुलाई को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान अब तक कुल 50 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल लाते-ले जाते पाए गए, जिसके बाद नियमों के तहत चालान किए गए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की समझाइश भी दी। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित और नियमों का पालन करने वाले वाहनों से ही स्कूल भेजें।
