मूक पत्रिका रायपुर – राजधानी रायपुर से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चलती आजाद हिंद एक्सप्रेस की सीढ़ी पर लटका एक युवक दिखाई दे रहा है, जिसे मोबाइल चोरी का आरोपी बताया जा रहा है। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक यात्री उसे पहले थप्पड़ और घूंसे मारता है, फिर जोरदार लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे गिरा देता है। घटना इतनी भयावह है कि वीडियो देखने वालों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना 14 जुलाई को रायपुर जिले के उरकुरा-मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच हुई। वायरल वीडियो में ट्रेन तेज रफ्तार से दौड़ रही है और युवक जान बचाने के लिए ट्रेन की सीढ़ी पकड़कर लटका हुआ है। ऊपर खड़े कुछ यात्री उसे लगातार धमका रहे हैं। इसी दौरान एक यात्री पहले उसके सिर पर हाथ से वार करता है और फिर जोरदार लात मार देता है, जिससे युवक ट्रेन से नीचे जा गिरता है।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (GRP) हरकत में आई। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की और वीडियो के आधार पर आरोपी यात्री आर. सुरेश कुमार की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मोबाइल चोरी का आरोपी बताए जा रहे युवक की तलाश अब भी जारी है। हैरानी की बात यह है कि घटना के छह दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है। उरकुरा-मांढ़र रेलवे ट्रैक के आसपास भी उसकी तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप था, लेकिन कानून अपने हाथ में लेते हुए उसे चलती ट्रेन से धक्का देना कहीं अधिक गंभीर अपराध माना जा रहा है। जीआरपी का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में किसी व्यक्ति के साथ ऐसी हिंसक हरकत की अनुमति नहीं दी जा सकती। यदि किसी पर चोरी का संदेह हो तो उसे पुलिस के हवाले करना ही कानूनी तरीका है।
यह वायरल वीडियो एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या भीड़ या आम नागरिक किसी आरोपी को मौके पर ही सजा देने का अधिकार रखते हैं? विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि किसी व्यक्ति की जान भी ले सकती हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की विस्तृत जांच कर रही है और ट्रेन से गिरे युवक की तलाश लगातार जारी है।
