मूक पत्रिका रायपुर – राजधानी रायपुर में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था पर शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मालवीय रोड एवं शास्त्री बाजार क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के बाद लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में काफी सुगम और व्यवस्थित दिखाई दिया।
डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से ठेले, गुमटियां और अस्थायी व्यवसाय संचालित कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा उन दुकानदारों पर भी कार्रवाई हुई, जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा कर रखा था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं। इन स्थानों पर कब्जा करने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तुरंत बाद मालवीय रोड और शास्त्री बाजार में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि शहर की प्रमुख सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और नगर निगम द्वारा भविष्य में भी संयुक्त रूप से ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे राजधानी में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
