पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों के बलिदान को किया याद, कमांडेंट ने दिया कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
बीजापुर। नयापारा स्थित सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के दौरान शहीद हुए जवानों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों और जवानों ने देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान शहीद हुए कार्मिकों के साहस और बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम कमांडेंट सुनील कुमार राही की उपस्थिति में आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, अखंडता और नागरिकों की रक्षा के लिए जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उनका त्याग और समर्पण हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने जवानों से अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जवानों ने शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, उप कमांडेंट मोती लाल, उप कमांडेंट थॉकचॉम उमाकांत मेत्ती, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, डॉ. स्वाती जायसवाल, सहायक कमांडेंट शुभम सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
