जवानों को एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देशसेवा का संदेश
बीजापुर। नयापारा स्थित 85वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व में हिस्सा लिया। इस दौरान कमांडेंट सुनील कुमार राही ने जवानों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देशसेवा करने का संदेश दिया।

कमांडेंट राही ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। यह पर्व सत्य, न्याय और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जवानों से देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

एकता और अनुशासन को बताया बल की ताकत
कमांडेंट ने जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि बल की असली ताकत उसकी एकता, अनुशासन और आपसी विश्वास में है। ऐसे आयोजन जवानों के बीच भाईचारा मजबूत करने के साथ मनोबल बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, उप कमांडेंट मोती लाल, उप कमांडेंट थॉकचॉम उमाकांत मेत्ती, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, डॉ. स्वाती जायसवाल, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल बोहिदार सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
