स्कूल, छात्रावास, अस्पताल और एग्रीस्टेक शिविर की जांच; अनुदेशक को नोटिस के निर्देश
बीजापुर। बीते शुक्रवार को उसूर विकासखंड में सरकारी संस्थाओं की जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। बालिका पोटाकेबिन में बच्चों से पढ़ाई और उपस्थिति की जानकारी ली गई। शिक्षा की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर एक अनुदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दुगईगुड़ा स्थित एकलव्य विद्यालय, बासागुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तर्रेम में आयोजित एग्रीस्टेक पंजीयन शिविर का भी निरीक्षण किया।

बच्चों से सीधे जाना पढ़ाई का हाल
बालिका पोटाकेबिन में कलेक्टर और सीईओ ने अध्ययनरत बालिकाओं तथा शाला त्यागी बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, उपस्थिति और शिक्षा के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान शिक्षण की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अनुदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शिक्षण व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

एकलव्य विद्यालय में छात्रावास की व्यवस्था देखी
दुगईगुड़ा में नवनिर्मित एकलव्य विद्यालय भवन का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर और सीईओ ने बालक एवं बालिका छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों से भोजन, आवास, अध्ययन और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

मरीजों से पूछा, अस्पताल में कैसी मिल रही सुविधा
बासागुड़ा सीएचसी में मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल की सुविधाओं को लेकर जानकारी ली गई। चिकित्सकों से दैनिक ओपीडी, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एग्रीस्टेक पंजीयन और रोजगार योजनाओं पर फोकस
तर्रेम में आयोजित एग्रीस्टेक पंजीयन शिविर में पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली गई। किसानों से संवाद कर उन्हें एग्रीस्टेक पंजीयन के महत्व और शासन की कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं वीबी-जी रामजी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को श्रमिक पंजीयन और श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम उसूर भूपेन्द्र गावरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण में क्या-क्या देखा
पोटाकेबिन: पढ़ाई, उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता
एकलव्य विद्यालय: छात्रावास, भोजन और आवास व्यवस्था
सीएचसी बासागुड़ा: ओपीडी, दवा और स्टाफ की स्थिति
तर्रेम: किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन
वीबी-जी रामजी: रोजगार, अधोसंरचना और श्रमिक पंजीयन
