Oplus_131072
सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की थी तैयारी
बीजापुर । जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। इरामांगी गांव के पास जंगल में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस ने छुपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुख्ता सूचना मिलने पर 15 फरवरी की सुबह कावड़गांव कैंप से करीब 3.8 किलोमीटर दूर घने जंगल में संयुक्त एरिया डॉमिनेशन अभियान शुरू किया गया। अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सहायक कमांडेंट हेमंत भट्ट के नेतृत्व में चलाया गया।
तलाशी के दौरान डॉग स्क्वायड के फिडल ने एक संदिग्ध स्थान की ओर इशारा किया। इसके बाद बीडीडीएस टीम ने मौके को सुरक्षित करते हुए जांच की। सुबह करीब 10 बजे वहां से दो इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, लगभग डेढ़ किलो गन पाउडर, चार जिलेटिन रॉड और 25 से 30 मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद किया गया।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे, लेकिन जवानों की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई। लगातार चलाए जा रहे अभियानों से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर दबाव बना हुआ है।
कार्रवाई के बाद कमांडेंट सुनील कुमार राही ने अभियान में शामिल अधिकारियों और जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
