गुरु रविदास के समता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य – महेश गागड़ा
बीजापुर। गुरु पूर्णिमा से भारतीय जनता पार्टी देशभर में समरसता संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनजागरण, कलश वंदन, संत संपर्क, समरसता यात्रा और छात्र संपर्क जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की जानकारी मंगलवार को भाजपा के अटल सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने दी।
गागड़ा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के संत हैं। उनके समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से अभियान में जुड़ने की अपील की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री महेश गागड़ा
51 हजार से अधिक दीप जलाकर होगी शुरुआत
उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। इसके साथ श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी स्थित जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश विभिन्न राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाए जाएंगे। इस दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, दीप महोत्सव और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
संत संपर्क से छात्र संवाद तक कई चरणों में अभियान
गागड़ा ने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाकर गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों, महंतों और धार्मिक संस्थाओं से संवाद और सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
अभियान के अंतिम चरण में 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्र संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में समरसता संवाद, चित्र प्रदर्शनी, संगोष्ठियां और प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन, दर्शन और उनके सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश से मंडल स्तर तक बन रही समितियां
गागड़ा ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन शुरू कर दिया गया है। उनके अनुसार यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनअभियान होगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, जिला मीडिया प्रभारी प्रताप यादव, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
