बीजापुर। नक्सल प्रभावित डुमरीपालनार क्षेत्र में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने सोमवार को ग्रामीणों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शिविर में डुमरीपालनार सहित पटेलपारा, सरपंचपारा, परगेमपारा और थिलमपारा के ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा आवश्यक दवाइयां प्राप्त कीं।
शिविर में बटालियन के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। साथ ही ग्रामीणों को बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों, दूषित पानी से होने वाले संक्रमण और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील करते हुए स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के महत्व पर भी जोर दिया गया।

85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ उन्हें विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बटालियन बीजापुर में तैनाती के बाद से लगातार अंदरूनी इलाकों में चिकित्सा शिविर और जनहित के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिससे ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास मजबूत हो रहा है।

चिकित्सा शिविर के दौरान सहायक कमांडेंट शिवांशु शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित कंपनी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया।
