जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब चुनाव : 23 अगस्त को चुनाव चिन्ह मिलेंगे
बीजापुर। जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब के चुनाव में नाम वापसी के बाद मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष पद पर अब चार प्रत्याशी मैदान में हैं। नाम वापसी के अंतिम दिन बी. गौतम राव ने अध्यक्ष के साथ सचिव और कोषाध्यक्ष पद से भी अपनी दावेदारी वापस ले ली।
अध्यक्ष पद के लिए कमलेश पैंकरा, के. संतोष कुमार, गणेश मिश्रा और ईश्वर सोनी के बीच मुकाबला होगा। वहीं, सचिव पद पर आशीष पदमवार, इरशाद खान और बसंत मामडीकर मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रसून शर्मा और सिरोज विश्वकर्मा के बीच मुकाबला होगा। 23 अगस्त को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी अशोक मिश्रा और अयूब खान ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 12 नामांकन जमा हुए थे। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव के लिए 4 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 3 नामांकन शामिल थे। 21 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच पूरी हुई और 22 अगस्त को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
46 सदस्य करेंगे मतदान
चुनाव की मतदाता सूची को लेकर भी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 1 अगस्त को मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन किया गया था। दावा-आपत्ति के बाद संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में 19 सदस्यों को निष्कासित किया गया। इसके बाद 13 अगस्त को 46 सदस्यों की संशोधित मतदाता सूची जारी की गई।
23 को चुनाव चिन्ह, 31 को फैसला
नाम वापसी के बाद अब चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया बाकी है। 23 अगस्त को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। इसके बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। 31 अगस्त को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की तैयारी है। मतदान केंद्र पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग लिया जाएगा।

