कोंडागांव में जूनवानी के पास हुआ हादसा, मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित
कोंडागांव। जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले में बड़ा हादसा हो गया। जूनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में मंत्री कश्यप सुरक्षित हैं, जबकि फॉलो वाहन में सवार पुलिस जवानों समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
फरसागुड़ा से कोंडागांव आ रहे थे मंत्री
जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की तरफ जा रही स्कॉर्पियो काफिले में शामिल मंत्री की कार से टकरा गई।टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

इन लोगों को आई चोट
घायलों में ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम, आरक्षक सुगंतिन उसेंडी, महिला आरक्षक त्रिलोतमा मदरू और आरक्षक नर्मदा मरकाम शामिल हैं। मंत्री के पीए अनुराग शर्मा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी है। घायलों के सिर, पैर, सीने, पीठ और कंधे में चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में फॉलो वाहन को हुए नुकसान से टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। राहत की बात यह रही कि मंत्री केदार कश्यप हादसे में सुरक्षित हैं।
