मूक पत्रिका रायपुर – महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक नई जनजागरूकता पहल की शुरुआत की है। शनिवार को पुलिस के क्राइम अगेंस्ट वूमेन (CAW) प्रकोष्ठ और पिंक पेट्रोल यूनिट ने संयुक्त रूप से ‘छात्र-छात्राओं से संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अभियान के पहले चरण में जे.आर. दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, रायपुर में छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा, कानून और जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधान, पिंक पेट्रोल यूनिट की भूमिका तथा स्कूल आते-जाते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं को यह भी समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

संवाद सत्र में छात्राओं ने खुलकर अपने सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मविश्वासी, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए कानून और सुरक्षा संबंधी अधिकारों की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त (सी.ए.डब्ल्यू.) रुचि वर्मा, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना धुरंधर, पिंक पेट्रोल यूनिट (मध्य जोन) की टीम तथा सी.ए.डब्ल्यू. कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेश दीवान ने रायपुर पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए रायपुर पुलिस को आमंत्रित किया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता और सुरक्षित सामाजिक वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी शहर के विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में लगातार चलाया जाएगा।
