‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ थीम पर बीजापुर के विभिन्न क्षेत्रों में हुई सफाई, अन्य बटालियनों के जवान भी रक्तदान शामिल
बीजापुर। बीते गुरवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने शहर में ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ थीम पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। कमांडेंट सुनील कुमार राही के नेतृत्व में बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने स्वच्छता सेवकों के साथ मिलकर बटालियन परिसर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की। इस दौरान कचरा और अनावश्यक सामग्री हटाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में 85वीं बटालियन के अधिकारी और जवान शामिल हुए। जवानों ने सफाई के साथ आम लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी दी। सीआरपीएफ की ओर से बताया गया कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वस्थ जीवन, बेहतर कार्यक्षमता और समाज के समग्र विकास से है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।

जिला अस्पताल में रक्तदान
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला अस्पताल में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जानें बचाएं’ संदेश के साथ 85वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। ऑप्स रेंज बीजापुर के अंतर्गत तैनात अन्य सीआरपीएफ बटालियनों के जवानों ने भी रक्तदान कार्यक्रम में भाग लिया।

स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी : कमांडेंट
कमांडेंट सुनील कुमार राही ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ जवानों द्वारा रक्तदान का उद्देश्य जीवन रक्षा में योगदान देने के साथ समाज में आपसी सौहार्द, विश्वास और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
