85वीं बटालियन के कमांडेंट ने दी बधाई, तीनों ने जवानों से साझा किए सफलता के अनुभव
बीजापुर। नक्सल प्रभावित इलाके में कठिन परिस्थितियों के बीच ड्यूटी निभाते हुए पढ़ाई जारी रखना आसान नहीं है, लेकिन सीआरपीएफ के तीन निरीक्षकों ने इसे कर दिखाया। सहायक कमांडेंट एलडीसीई-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर अधिकारी बने प्रशांत दुबे, परमजीत सिंह और विश्वजीत सेठी को बुधवार को 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही ने बधाई दी। उन्होंने तीनों की उपलब्धि को दूसरे जवानों के लिए प्रेरणादायक बताया।
नयापारा स्थित बटालियन मुख्यालय में आयोजित जवानों के सम्मेलन में कमांडेंट राही ने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विषम परिस्थितियों में ड्यूटी की जिम्मेदारी निभाने के साथ परीक्षा की तैयारी करना तीनों निरीक्षकों की लगन को दर्शाता है।

उन्होंने जवानों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों के साथ विभागीय परीक्षाओं की तैयारी भी करते रहें। आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास जरूरी है। तीनों निरीक्षकों ने भी सम्मेलन में अपनी तैयारी और सफलता के अनुभव साझा किए, ताकि अन्य जवान उनसे प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट ने तीनों नवनियुक्त सहायक कमांडेंट को आगामी सेवा दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही जवानों को अपने व्यावसायिक कौशल और कार्यक्षमता में लगातार सुधार करने के लिए प्रेरित किया।
