दैनिक मूक पत्रिका/बीजापुर- नवरात्रि में माता के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जा रहे पदयात्रियों के समूह के साथ एजुकेशन सिटी के पास दर्दनाक हादसा हुआ। क्रेन की टक्कर में 12वीं की छात्रा साक्षी नक्का, निवासी ज्ञानगुड़ी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य, प्राची पुनेम और नेहा नक्का घायल हो गए।

प्राची पुनेम को कमर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं नेहा नक्का की स्थिति फिलहाल स्थिर है। दोनों का इलाज जिला चिकित्सालय बीजापुर में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। प्राची के पिता मजदूर हैं। साक्षी और नेहा सगी बहनें थीं।
प्राची ने बताया कि आठ लोग दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जा रहे थे, तभी एजुकेशन सिटी के पास पीछे से क्रेन ने टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि क्रेन चालक नशे में था और उसे रोका गया तो वह गाड़ी से उतर नहीं पा रहा था

जानकारी के अनुसार क्रेन नगर में पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही थी। चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बीजापुर कोतवाली के टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कि दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच तेज़ी से की जा रही है और जिम्मेदारों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।