किसानों को दी जा रही सुविधाओं का लिया जायजा
जैविक खेती को अपनाने हेतु किया प्रोत्साहित


दैनिक मूक पत्रिका दंतेवाड़ा –
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने बीते बुधवार को जिले में संचालित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर एवं बीज भंडारण एवं वितरण केंद्र तथा जैविक खेती करने वाले किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज एवं जैविक आदान सामग्री सुलभ कराने संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस क्रम में सीईओ नाहटा ने जैविक आदान सामग्री केंद्र में जीवामृत, हंडी दवा, जैविक उर्वरक आदि की भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जैविक आदान सामग्रियों का अधिक से अधिक किसानों तक वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं उसका नियमित रिकॉर्ड रखा जाए ताकि किसानों को जैविक खेती की तकनीकी जानकारी व प्रशिक्षण दिया जाए। इससे वे वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकेगें।
इसके अलावा उन्होंने बीज भंडारण केंद्र में किसानों से सीधे संवाद कर बीज वितरण प्रक्रिया और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से शून्य ब्याज दर पर नकद व वस्तु ऋण की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को इस योजना का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया तथा शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ नाहटा ग्राम कुम्हाररास पहुँचे, जहाँ उन्होंने जैविक विधि से धान की खेती कर रहे किसान जोगा राम कश्यप के खेत का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कतार रोपण, जीवामृत और हंडी दवा के उपयोग जैसी जैविक विधियों की जानकारी ली और किसानों के अनुभवों को जाना। उन्होंने किसानों को बताया कि जैविक खेती अपनाकर न केवल खेती की लागत को कम किया जा सकता है, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि की जा सकती है। साथ ही इससे स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। सीईओ द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया कि वे किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इस निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के उप संचालक सूरज पंसारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

By MOOK PATRIKA

MOOKPATRIKA.COM" लाइव स्ट्रीमिंग सुविधाओं के साथ एक ऑनलाइन समाचार पोर्टल है, जो हिंदी भाषा में जन-संचार का एक सशक्त स्तम्भ है। अपने अभिनव, अनुभव, अद्वितीय अनोखा और अप्रतिम प्रयास से हमारा लक्ष्य मिडिया के व्यापक प्रकार यथा न्यूज़ पेपर, मैगजीन, प्रसारण चैनलों, टेलीविजन, रेडियो स्टेशन, सिनेमा आदि की स्थापना करना है। अपनी परिपक्व, ईमानदार, और निष्पक्ष टीम के साथ "MOOKPATRIKA.COM" का उद्देश्य देशहित में सच्ची घटनाओं पर प्रकाश डालना, उनका गुणात्मक और मात्रात्मक विश्लेषण बताना, सामाजिक समस्याओं को उजागर करना, सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालना, जनता की इच्छाओं, विचारों को समझना और उन्हें व्यक्त करने का मौका देना, उनके अधिकारों के साथ लोकतांत्रिक परम्पराओं की रक्षा करना है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *