दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को लेकर उठे राजनीतिक बवंडर के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा जिलाध्यक्ष घासी राम नाग ने आज बीजापुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी पर “पुत्र मोह” में पूरे संगठन को झोंकने का गंभीर आरोप लगाया।

घासी राम नाग ने सवाल उठाया, “भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का कांग्रेस में क्या पद है? वह किस हैसियत से कांग्रेस का विषय बन गए, जिसके समर्थन में पूरी पार्टी प्रदर्शन कर रही है?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह व्यवहार स्पष्ट करता है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस संगठन को व्यक्तिगत हितों की ढाल बना लिया है।

भ्रष्टाचारियों के समर्थन में खड़ी कांग्रेस : नाग

जिलाध्यक्ष नाग ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल और कांग्रेस, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोगों को बचाने प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, “शराब, चावल, गोठान, पीएससी, कोयला जैसे तमाम घोटालों में कांग्रेस की भूमिका संदेह से परे नहीं रही। आज जब इन घोटालों के आरोपी कानून के शिकंजे में आ रहे हैं, तब कांग्रेस विरोध की आड़ में बचाव कर रही है।”

कोल ब्लॉक पर कांग्रेस का पर्दाफाश – दस्तावेजों के साथ लगाए आरोप

पत्रकार वार्ता में घासी राम नाग ने कोल ब्लॉक आवंटन के मामले में कांग्रेस की कथनी और करनी पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि “2010 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब हसदेव अरण्य क्षेत्र को नो-गो जोन से ‘गो एरिया’ घोषित किया गया। इसके बाद ही कोल ब्लॉकों की राह खुली। यह सब जयराम रमेश जैसे कांग्रेस मंत्रियों की भूमिका में हुआ।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “23 जून 2011 को कांग्रेस सरकार ने तारा, परसा ईस्ट और कांटे-बेसन कोल ब्लॉक खोलने की प्रक्रिया शुरू की। बाद में भूपेश बघेल सरकार ने 16 अक्टूबर 2019, 19 अप्रैल 2022 और 23 जनवरी 2023 को कोल ब्लॉकों के लिए पर्यावरण और वन स्वीकृति की सिफारिश की।”

दस जनपथ को बताया ‘चारागाह’

भाजपा जिलाध्यक्ष ने भूपेश बघेल पर आरोप लगाया कि “अपने शासनकाल के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ को ‘दस जनपथ’ का चारागाह बना दिया था। कोल ब्लॉक से लेकर शराब, गोठान और पीएससी जैसी योजनाएं कांग्रेस की कमाई का जरिया बन गई थीं। अब जब जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं, तो कांग्रेस को यह नागवार गुजर रहा है।”

भाजपा ने कांग्रेस से मांगे जवाब

भाजपा ने कांग्रेस से तीन प्रमुख सवालों का जवाब मांगा

  1. क्या कांग्रेस मनमोहन सरकार के समय हुए कोल ब्लॉक निर्णयों पर माफी मांगेगी?
  2. क्या भूपेश बघेल और कांग्रेस अब बिजली का उपयोग बंद करेंगे, जैसा कि उन्होंने विरोधियों को कहा था?
  3. क्या कांग्रेस हर आरोपी और अपराधी के समर्थन में सड़कों पर उतरती रहेगी?

घासी राम नाग ने अंत में कहा कि “प्रदेश की जनता कांग्रेस की दोहरी नीति को समझ चुकी है और 2023 के चुनाव में जो सबक दिया, वह आने वाले चुनावों में और भी स्पष्ट दिखेगा।”

इस पत्रकार वार्ता में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फूलचन्द गागड़ा और एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिहर साहनी भी उपस्थित थे।

By MOOK PATRIKA

MOOKPATRIKA.COM" लाइव स्ट्रीमिंग सुविधाओं के साथ एक ऑनलाइन समाचार पोर्टल है, जो हिंदी भाषा में जन-संचार का एक सशक्त स्तम्भ है। अपने अभिनव, अनुभव, अद्वितीय अनोखा और अप्रतिम प्रयास से हमारा लक्ष्य मिडिया के व्यापक प्रकार यथा न्यूज़ पेपर, मैगजीन, प्रसारण चैनलों, टेलीविजन, रेडियो स्टेशन, सिनेमा आदि की स्थापना करना है। अपनी परिपक्व, ईमानदार, और निष्पक्ष टीम के साथ "MOOKPATRIKA.COM" का उद्देश्य देशहित में सच्ची घटनाओं पर प्रकाश डालना, उनका गुणात्मक और मात्रात्मक विश्लेषण बताना, सामाजिक समस्याओं को उजागर करना, सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालना, जनता की इच्छाओं, विचारों को समझना और उन्हें व्यक्त करने का मौका देना, उनके अधिकारों के साथ लोकतांत्रिक परम्पराओं की रक्षा करना है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *