दैनिक मूक पत्रिका जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एक ही दिन में 4 जिले में 67 नक्सलियों के आत्मसमर्पण से ‘लाल आतंक’ को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। बस्तर संभाग में 67 नक्सलियों ने आज 24 जुलाई को हरेली तिहार के अवसर पर आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें कांकेर जिले में 13, नारायणपुर जिले में 8, सुकमा में 5, दंतेवाड़ा में 16 और बीजापुर में 25 नक्सलियों ने आज पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इनमें से 55 नक्सलियों पर कुल 2 करोड़ 27 लाख रुपए का इनाम घोषित है। बीजापुर जिले में सरेंडर किए 25 नक्सलियों में से 23 पर 1 करोड़ 15 लाख का इनाम है। इसमें एक एसजेडसीएम कैडर का नक्सली शामिल है। बस्तर में पहली बार एसजेडसीएम कैडर के 25 लाख का ईनामी नक्सली रमन्ना इरपा ने हथियार डाले हैं। कांकेर में 13 नक्सलियों पर 62 लाख के ईनाम घाेषित था। नारायणपुर में आत्मसमर्पण किए 8 नक्सलियों पर 33 लाख रुपए का इनाम घोषित है। वहीं दंतेवाड़ा में 16 नक्सलियों में से 5 पर 17 लाख रुपए का इनाम है। आत्मसर्पण करने वाले नक्सलियों में से मिलिट्री कंपनी नंबर 1 का कमांडर से लेकर डीव्हीसीएम, पीपीसीएम,एवं एसीएम कैडर के नक्सली हैं।
कांकेर जिले में 13 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, इनमें उत्तर बस्तर डिवीजन के रावघाट, परतापुर और माड़ डिवीजन में सक्रिय नक्सली शामिल हैं। इनमें 1 नक्सली पर 10 लाख रुपए, 4 नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपए, 3 पर 5-5 लाख रुपए और 5 पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित है। 10 लाख रुपए का इनामी हार्डकोर नक्सली मिलिट्री कंपनी नंबर 1 का कमांडर मंगलू उर्फ रूपेश शामिल है।
बीजापुर जिले में 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली रमन्ना इरपा ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है। पहली बार स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) कैडर के नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है। इसके अलावा 8-8 लाख रुपए के 5 नक्सली, 5-5 लाख रुपए के 8 नक्सली, 2 लाख रुपए के 1 और 1-1 लाख रुपए के 7 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें डीव्हीसीएम, पीपीसीएम,एवं एसीएम कैडर के नक्सली शामिल हैं।
नारायणपुर जिले में भी कुल 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, इनमें 8 लाख रुपए के 3 नक्सली, 5 लाख रुपए का 1 और 1-1 लाख रुपए के 4 नक्सली शामिल हैं। नक्सलियों के टीडी टीम इंचार्ज डीव्हीसीएम कैडर का नक्सली वट्टी गंगा उर्फ मुकेश सहित 4 महिला नक्सलियाें ने आत्मसमर्पण किया है।
दंतेवाड़ा जिले में भी एक साथ कुल 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, इनमें बुधराम पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है। वहीं 5 लाख और 2 लाख रुपए के 1-1 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, एवं 1 लाख रुपए के 2 नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया है। सभी नक्सली पिछले कई सालों से नक्सली संगठन के साथ जुड़कर काम कर रहे थे।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि बड़े कैडर्स के नक्सलियों ने बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण किया है, यह नक्सल संगठन पर बड़ी चोट है। उन्हाेने नक्सलियों से अपील करते हुए कहा है कि हिंसा का रास्ता छोड़ दें, मुख्य धारा में लौट आएं, सभी आत्मसमर्पित नक्सलियें काे छततीसगढ़ शासन के पुर्नवास योजनाओं का लाभ मिलेगा।
