जगदलपुर | हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज महाराजा प्रवीर चंद शक्ति केंद्र पश्चिम नगर मंडल जगदलपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगर के पूर्व महामंत्री आर्यन सिंह आर्य ने भारत माता की आरती और माल्यार्पण कर की। इस अवसर पर सेना के रिटायर्ड हवलदार शशिनाथ ग्वाल, गोविंद इनानी बालाजी वार्ड के पार्षद हरीश पारेख, बूथ अध्यक्ष गंगोत्री चंद्रवंशी, प्रेम सेठिया, ढालेश्वर नाग, वार्ड 36 के बूथ अध्यक्ष विनोद पांडे सहित अनेक गणमान्यजन एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा प्रवीर वार्ड के फ़ोर्स शोरूम से प्रारंभ होकर विजय वार्ड के पावर हाउस चौक तक निकाली गई। स्कूल के बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने बड़े उत्साह से इसमें हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। नगर मंत्री (पश्चिम मंडल) एवं महाराजा प्रवीर चंद शक्ति केंद्र प्रभारी अविनाश सिंह गौतम ने बताया कि इस तरह के आयोजन से लोगों में देश के प्रति प्रेम और एकता की भावना और मजबूत होती है।
