दैनिक मूक पत्रिका नई दिल्ली। हमारे शरीर के कामकाज को ठीक रखने के लिए कई विटामिन्स की जरूरत होती है। इनमें से एक विटामिन बी12 होता है, जो रेड ब्लड सेल्स के प्रोडक्शन, ब्रेन फंक्शनिंग और नर्वस सिस्टम के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से शरीर में कई तरह की परेशानियां पैदा हो सकती हैं, जो धीरे-धीरे गंभीर बीमारी का रूप ले सकती हैं। बहुत से लोग विटामिन बी12 की कमी को पहचान ही नहीं पाते और यह समस्या बढ़ जाती है। आपको बता रहे हैं कि विटामिन B12 की कमी के 5 प्रमुख लक्षण क्या हैं और किन फूड्स से इसकी कमी दूर कर सकते हैं।
विटामिन B12 की कमी के लक्षण
लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना – विटामिन B12 की कमी का सबसे कॉमन लक्षण थकान और कमजोरी है। जब शरीर में विटामिन बी12 कम हो जाता है, तो ऑक्सीजन की आपूर्ति ठीक से नहीं हो पाती है। इससे मसल्स में ऊर्जा की कमी होने लगती है और व्यक्ति को सामान्य कार्यों में भी थकावट महसूस होती है। अगर बिना वजह आपको दिनभर थकान रहती है और ऊर्जा की कमी महसूस होती है, तो एक बार अपने विटामिन B12 का लेवल जरूर चेक करवाएं।
झुनझुनी या सुन्नपन महसूस होना – विटामिन B12 हमारे तंत्रिका तंत्र के कामकाज को ठीक रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से नसों पर असर पड़ता है, जिससे हाथों और पैरों में झुनझुनी, सुन्नपन या जलन जैसा अहसास होने लगता है। कई बार रात को सोते वक्त या सुबह उठने के बाद यह लक्षण ज्यादा महसूस होते हैं। यह न्यूरोपैथी की ओर इशारा कर सकता है, जो विटामिन B12 की लंबी कमी के कारण होती है।
याददाश्त कमजोर होना और मेंटल कंफ्यूजन – अगर आप छोटी-छोटी बातें भूलने लगे हैं या किसी बात को लेकर कंफ्यूजन बनी रहता है, तो यह भी B12 की कमी का संकेत हो सकता है। यह विटामिन ब्रेन की कोशिकाओं के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से मानसिक स्पष्टता में कमी, एकाग्रता में बाधा और डिप्रेशन या एंजायटी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। उम्रदराज लोगों में यह स्थिति डिमेंशिया जैसे लक्षणों का कारण बन सकती है।
जीभ का रंग बदल जाना और मुंह में छाले – विटामिन B12 की कमी से जीभ पर असर पड़ता है। इसका एक कॉमन लक्षण जीभ का लाल या चिकना हो जाना, स्वाद में बदलाव आना और मुंह में जलन या छाले होना है। जीभ पर मौजूद छोटे-छोटे बम्प्स कम हो जाते हैं, जिससे स्वाद की क्षमता भी घट सकती है। अक्सर लोग ड्राई माउथ और सांसों की बदबू की भी शिकायत करते हैं।
सांस फूलना और चक्कर आना – शरीर में B12 की कमी से एनीमिया हो सकता है, जिसका असर दिल और फेफड़ों पर पड़ता है। इसके कारण व्यक्ति को हल्की गतिविधियों के दौरान भी सांस फूलना, चक्कर आना और धड़कन तेज होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपको सीढ़ियां चढ़ते वक्त हांफना पड़ता है या बार-बार चक्कर आते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
विटामिन B12 की कमी पूरी करने के लिए डाइट
दूध, दही, पनीर, चीज समेत कई डेयरी प्रोडक्ट में विटामिन B12 भरपूर मात्रा में होता है। अंडा और अंडे की जर्दी B12 का अच्छा स्रोत होती है। टूना, सैल्मन, चिकन लिवर जैसे नॉनवेज फूड्स में यह विटामिन प्रचुर मात्रा में होता है। बाजार में मिलने वाले फोर्टिफाइड ब्रेकफास्ट सीरियल्स में B12 मिलाया जाता है। शाकाहारी लोगों के लिए B12 युक्त सोया या बादाम दूध एक अच्छा विकल्प है। अगर खान-पान के बावजूद विटामिन बी12 की कमी पूरी न हो, तो डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स ले सकते हैं।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं।
दैनिक मूक पत्रिका इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें।
