रजत जयंती समारोह के लिए विभाग प्रमुख कार्यक्रम नियोजित करें
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय के दिशा सभा कक्ष में बीते मंगलवार को जिलाधिकारियों की बैठक लेकर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी सौंपे गए पदेन दायित्वों का निर्वहन सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय अधिकारी कर्मचारी अपने पदेन दायित्वों का निर्वहन करते हुए योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करें। उन्होंने संवेदनशीलता और गंभीरता का परिचय देते हुए कार्य करने निर्देशित किया।
कलेक्टर शर्मा ने वर्तमान मानसून को मद्देनजर रखते हुए जिले में वर्षा एवं बाढ़ आपदा की जानकारी ली। कलेक्टर ने राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में कहीं भी बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर तत्काल प्रभावितों को राहत पहुंचा जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि चिन्हांकित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर पैनी नजर रखें। बाढ़ आपदा की स्थिति निर्मित होने पर प्रभावितों को राहत पहुंचाने में विलंब ना हो यह सुनिश्चित करें।
कलेक्टर शर्मा ने सभी अधिकारी कर्मचारियों को नियत समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्य संपादित करने निर्देशित किया है। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि निर्धारित समय में कार्यालय में उपस्थित नहीं होने वाले अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी नियत समय का ध्यान रखें और कर्तव्य निर्वहन प्राथमिकता से करें।
कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन की 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उल्लेखनीय है छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य शासन द्वारा रजत जयंती आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह आयोजन 15 अगस्त 2025 से अगले साल 06 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण 15 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 तक एवं दूसरा चरण 1 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। रजत जयंती के अवसर पर राज्य शासन के सभी विभागों के द्वारा साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभागीय योजनाओ के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रजत जयंती कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक निर्धारित कार्यक्रम तैयार कर लेंवे। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा कि रजत जयंती कार्यक्रम का आयोजन शासन की मंशा अनुरूप होनी चाहिए। इस अवसर पर एडीएम डॉ. अनिल बाजपेई एवं सर्व एसडीएम उपस्थित थे।