कांकेर। जिला पंचायत परिसर में आज हरित सफलता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा तथा दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर विधायक आशाराम नेताम, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मुख्य वन संरक्षक दिलराज प्रभाकर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरीश मंडावी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन चैतन्य संस्था द्वारा किया गया। संस्था की कार्यक्रम प्रभारी कल्पना पंत ने स्वागत भाषण में बताया कि संस्था वर्ष 2019 से बिहान के साथ साझेदारी कर रही है और अब तक लगभग ढाई हजार से अधिक महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया है। इनमें पौधों की नर्सरी निर्माण, पौधारोपण, बीज बैंक, औषधीय पौधों की खेती और मत्स्य उत्पादन जैसी गतिविधियाँ प्रमुख हैं।

कार्यक्रम के दौरान कोकपुर में स्थापित प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन विधायक के हाथों किया गया, जिसे महिलाओं के माध्यम से संचालित किया जाएगा। यह कदम न केवल ग्रामीण महिलाओं को रोजगार देगा, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा।

संस्था की ओर से जिला समन्वयक दुर्गा प्रसाद और उनकी टीम ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। वहीं, फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी की स्टेट हेड मंजीत बाल कौर ने ‘हरित नारी’ की अवधारणा रखते हुए कहा कि महिलाएँ केवल खेती तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की पहचान भी हैं।

महिलाओं को इस अवसर पर नर्सरी निर्माण, औषधीय पौधों की खेती, बीज बैंक और मछली पालन जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का सूत्र संचालन प्रियंशु शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन सुधा कड़व ने किया।

यह आयोजन महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ हरियाली और सतत आजीविका की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *