जगदलपुर। कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा कक्ष में आयोजित बस्तर दशहरा समिति की बैठक में बलराम मांझी को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता सांसद एवं समिति अध्यक्ष महेश कश्यप ने की। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रतीक है, इसकी परंपरा और संस्कृति का संरक्षण करना हम सबका दायित्व है।

सांसद ने बताया कि इस वर्ष दशहरा से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर संरक्षित किया जाएगा और शासन के बजट के साथ राष्ट्रीय कंपनियों से सहयोग भी लिया जाएगा। महाराज कमलचंद भंजदेव ने रिक्त पदों की भर्ती और देवी-देवताओं के आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। कलेक्टर हरिस एस ने 2024-25 का बजट प्रस्तुत किया।
बैठक के बाद नकटी सेमरा दशहरा वन में “एक पेड़ देवी-देवताओं के नाम” परंपरा के तहत वृक्षारोपण किया गया। रथ निर्माण के लिए प्रतिवर्ष आवश्यक लगभग 200 पेड़ों की प्रतिपूर्ति स्वरूप साजा आदन, साल, महुआ, नीम, आंवला, तेंदू, कुसुम, सागौन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय, महाराज कमलचंद भंजदेव, कलेक्टर हरिस एस सहित बड़ी संख्या में मांझी-चालकी, पुजारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।